मथुरा। छाता में फरसा वाले बाबा चंद्रशेखर महाराज की मौत के बाद हुए बवाल के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोग भड़काऊ बयानबाजी कर रहे हैं। बाबा के समर्थकों में इस तरह की बयानबाजी से रोष व्याप्त है। पुलिस अब इस तरह के बयान पोस्ट करने वालों को चिह्नित कर रही है।
छाता में 21 मार्च को प्रसिद्ध गोसेवक फरसा वाले बाबा की गो तस्करी की सूचना पर वाहनों की चेकिंग के दौरान सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद हाईवे पर जमकर बवाल हुआ था। वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव किया गया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसी प्रकरण में अब कुछ लोग सोशल मीडिया पर फरसा वाले बाबा और गो सेवकों पर अनर्गल टिप्पणियां कर रहे हैं। इससे बाबा के समर्थकों में आक्रोश पनप रहा है। कुछ गो सेवकों ने इस तरह के पोस्ट की जानकारी पुलिस को दी। ऐसे लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। एसपीआरए सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सोशल मीडिया पर गोसेवकों के बारे में भड़काऊ बयानबाजी (हेट स्पीच) पोस्ट करने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। ऐसे लोगों के विरुद्ध पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। समाज में इस तरह विद्वेष फैलाने वालों को बख्शआ नहीं जाएगा। ब्यूरो