मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र में 9 मार्च को एक लाख के इनामी डकैत को ढेर करने के मामले में फिरोजाबाद पुलिस जल्द ही विवेचना के लिए मथुरा आएगी।
आईजी आगरा जोन ने मामले की विवेचना फिरोजाबाद पुलिस को सौंपी है। आईजी आगरा जोन ने इस संबंध में मथुरा और फिरोजाबाद पुलिस को पत्र भेज दिया है।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम ने छैमार गिरोह के सरगना फाती उर्फ असद को ढेर किया था। पुलिस नियमावली के अनुसार जिस मुठभेड़ में जिले का एसएसपी शामिल हो उसकी जांच अन्य किसी जनपद से कराई जाती है। विवेचना किस जनपद से कराई जाएगी इसका फैसला आईजी जोन करते हैं। मुठभेड़ के दूसरे दिन मथुरा पुलिस ने आईजी आगरा जोन दीपक कुमार को विवेचना दूसरे जनपद से कराने के लिए पत्र भेज दिया।
आईजी जोन दीपक कुमार ने मुठभेड़ की विवेचना फिरोजाबाद पुलिस को सौंपी है। जल्द ही फिरोजाबाद पुलिस विवेचना के लिए मथुरा आएगी। यहां वह मुठभेड़ में शामिल टीम के सभी सदस्यों के बयान लेगी। मुठभेड़ स्थल का भ्रमण करेगी। इसके साथ ही डकैत के परिजन के भी बयान लिए जाएंगे।