मथुरा। जनपद में पिछले कई दिनों से आसमान से बरसती आग से मंगलवार शाम लोगों को कुछ राहत मिली। अचानक बादल घिर आए और शहर सहित जनपद के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने लगी। इसके बाद ठंडी हवा चलने लगी और मौसम सुहावना हो गया।
जिले में बीते काफी दिनों से सूर्यदेव के तेवर काफी तीखे थे। इसके चलते लोग काफी परेशान रहे। लोगों ने दोपहर में घरों से निकलना बंद कर दिया। आवश्यक होने पर निकले भी तो खुद को पूरी तरह ढक कर ही निकले। कमोबेश यही हाल मंगलवार को भी रहा। सुबह से ही तेज धूप निकली हुई थी। दोपहर होते होते धूप काफी तेज हो गई। लोगों ने घर से निकलने में परहेज किया। बाजार में भी ग्राहक नहीं दिखे। दुकानों पर भी सन्नाटा दिखा। दोपहर बाद करीब 3 बजे अचानक घने बादल छा गए। तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होने लगी। सुहाने मौसम का आनंद लेने के लिए शाम को लोग पार्क आदि में टहलने के लिए निकल आए। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।