कोसीकलां में आग के बाद एकत्रित लोग।
कोसीकलां। राधा बिहार कॉलोनी में पीएनजी लाइन की फिटिंग में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। तेज धमाके के साथ गैस की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने एक मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग से मकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। करीब 30 मिनट तक गैस का रिसाव होता रहा और 10-12 फीट ऊंची लपटें उठती रहीं। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग झुलसकर घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने करीब 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
कॉलोनी निवासी मुकुट ने बताया कि रविवार शाम करीब आठ बजे अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो मकान के मुख्य दरवाजे के पास लगी पीएनजी फिटिंग से आग की लपटें उठ रही थीं। देखते ही देखते आग ने उनके घर को अपनी चपेट में ले लिया। गैस का रिसाव जारी रहने के कारण आग और विकराल होती गई। इससे कॉलोनी में दहशत फैल गई। लोगों ने एहतियात के तौर पर रास्ता बंद कर दिया और घरों से बाहर निकल आए। कनेक्शन की स्विच से गैस आपूर्ति बंद करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कॉलोनीवासियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मुकुट के अनुसार आग की चपेट में आने से उनकी पुत्री मयंक (14), पुत्र आदित्य (18) और बहन मीरा झुलसकर घायल हो गए।
हादसे में घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि आग से करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित मुकुट का कहना है कि ठेकेदार द्वारा फिटिंग ठीक तरीके से नहीं किए जाने के कारण गैस लाइन में आग लगी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद गेल गैस लिमिटेड के कार्यालय में फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। घटना को लेकर कॉलोनीवासियों में रोष है और उन्होंने पीएनजी लाइन की फिटिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग की है।