रमणरेती मार्ग स्थित ट्रांसफार्मर के डीटी मीटर में लगी आग ।
वृंदावन। रमणरेती मार्ग स्थित स्कूल के बाहर सड़क पर स्थापित विद्युत ट्रांसफाॅर्मर के नीचे लगे डीटी मीटर में अचानक आग लग गई। इससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। मार्ग पर चल रहे वाहन कुछ समय के लिए थम गए। वहीं दो घंटे से अधिक समय तक क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद रही।
63 केवीए के विद्युत ट्रांसफाॅर्मर से जुड़े डीटी मीटर (डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर मीटर) में धमाके की आवाज के साथ आग लग गई। मीटर में लगी आग की लपटें ऊपर रखे ट्रांसफाॅर्मर तक पहुंच गईं। गनीमत रही कि ट्रांसफाॅर्मर आग लगने से बच गया। करीब 30 मिनट तक लगी आग और उससे निकलती लपटों के साथ काला धुआं देख मार्ग पर चल रहे वाहन कुछ देर के लिए थम गए। स्थानीय लोगों ने विद्युत निगम को सूचित किया। मौके पर पहुंची निगम की टीम ने आपूर्ति बंद कराकर सुधार कार्य शुरू किया। यहां से गुजर रहे राहगीरों ने आग लगने की वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पागल बाबा बिजलीघर के जेई अशोक यादव ने बताया कि डीटी मीटर में आग लग गई। यह मीटर ट्रांसफाॅर्मर पर पड़ने वाले लोड को मापता है। घटना की जांच के साथ ही सुधार कार्य किया जा रहा है।