वृंदावन में बृहस्पतिवार को गेस्ट हाउस में आग लगने से अफरातफरी मच गई। गेस्ट हाउस में महाराष्ट्र के श्रद्धालु ठहरे हुए थे। लपटें और धुएं को देख वह दहशत में आ गए। चादर की रस्सी बनाकर तीसरी मंजिल से उतरने का प्रयास किया।
मथुरा के वृंदावन में इस्कॉन गौशाला के समीप परिक्रमा मार्ग स्थित पांच मंजिला भक्तमाल कुंज गेस्ट हाउस के बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक भीषण आग लग गई। बिना मानकों के संचालित हो रहे इस गेस्ट हाउस में आग लगते ही श्रद्धालुओं और ठहरने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के वक्त गेस्ट हाउस में महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से आए श्रद्धालु ठहरे हुए थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि गेस्ट हाउस में ठहरे श्रद्धालुओं ने लपटों को देख तीसरी मंजिल पर खिड़की तोड़कर चादर की रस्सी बनाकर उतरने का प्रयास भी किया। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे सुबह मंदिर दर्शन करने गए थे, जब वापस लौटे तो इमारत से धुआं और लपटें उठ रही थीं।
गनीमत रही कि दमकल विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। स्थानीय लोगो के अनुसार यह पांच मंजिला आवासीय परिसर बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों और एनओसी के गेस्ट हाउस व्यावसायिक रूप से संचालित किया जा रहा था। हादसे के बाद क्षेत्र में बिना मानकों के चल रहे होटल और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।