ट्रांसपोर्ट नगर में शराब के गोदाम में आग लगने के बाद बिखरी पड़ी शराब की बोतलें।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। आबकारी विभाग के गोदाम में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे आग लग गई। आग को फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही बुझा लिया गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग से करीब दो लाख की शराब के नुकसान की आशंका है।
ट्रांसपोर्ट नगर पर स्थिति आबकारी विभाग के शराब के गोदाम में आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम को लेकर एफएसओ संजय जायसवाल मौके पर पहुंच गए। उनके पहुंचने से पहले ही मौके पर मौजूद लोगों ने आग पर काबू पा लिया। आग से कुछ पेटियों में रखी शराब जलकर खराब हो गई। एफएसओ ने बताया कि आग लगने का कारण शार्ट सर्किट था। उनके पहुंचने से पहले ही आग बुझा ली गई तथा आग से नुकसान बहुत ही कम हुआ है।
शराब के खेल की चर्चा
आग लगने की घटना को लेकर लोगों मेे कई प्रकार की चर्चा है। आग जिस कदर लगने की सूचना दी और फिर उसे उतनी जल्दी बुझा लिया गया, उससे लोगों में तरह-तरह की चर्चा हैं। लोगों का कहना है कि आग को इतनी जल्दी नहीं बुझाया जा सकता है। कहीं आग लगने के बहाने शराब को ठिकाने तो नहीं लगाया गया। कोसीकलां थाना क्षेत्र में पकड़ी गई शराब को पुलिसकर्मियों द्वारा बेचे जाने के मामले के बाद से इस तरह की चर्चा होने लगी है।