वृंदावन। रमणरेती क्षेत्र में एक गेस्टहाउस की दीवार गिराने के दौरान हुए हादसे में एक महिला सहित दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतक के पिता ने गेस्टहाउस मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जैत थाना क्षेत्र के बाटी गांव निवासी गोपी ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र कप्तान और गांव के अन्य मजदूर रामकृष्ण भवन गेस्टहाउस में काम कर रहे थे। काम के दौरान मजदूरों ने मकान के कमजोर छज्जे पर चढ़कर काम करने से मना किया था। आरोप है कि गेस्टहाउस मालिक आशीष ने जबरन कप्तान और झांसी, गुरसराय के सेमरी गांव निवासी महिला मजदूर रचना को छज्जे पर चढ़ा दिया। जैसे ही दोनों मजदूर छज्जे पर बैठकर काम करने लगे, जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में रचना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कप्तान ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि मृतक मजदूर कप्तान के पिता गोपी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। गेस्टहाउस संचालक आशीष के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।