बरसाना(मथुरा)। राधारानी (लाडलीजी) मंदिर में दर्शन करने आईं महिला श्रद्धालुओं और मंदिर की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा गार्डों के मध्य मारपीट का मामला सामने आया है। ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे देखकर लोग सोशल मीडिया पर सुरक्षा गार्डों के प्रति नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
करीब 28 सेकेंड के इस वीडियो में मंदिर दर्शन करने आईं महिला श्रद्धालुओं से मंदिर के महिला व पुरुष सुरक्षा गार्ड मारपीट करते दिख रहे हैं। इतना ही नहीं वीडियो में गार्ड के धकियाने से महिला श्रद्धालु नीचे गिरती दिख रही है। गनीमत रही की उसे गंभीर चोट नहीं आई। यह महिला श्रद्धालु पंजाब की बताई जा रहीं हैं। पुलिस के अनुसार, मंदिर में महिला श्रद्धालुओं को मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि किसी भी श्रद्धालु ने थाने शिकायत नहीं दर्ज कराई है। मामले की जांच की जाएगी।
मंदिर में शनिवार को कुछ श्रद्धालुओं ने व्यवस्था में व्यवधान डाला था। जिस पर महिला सुरक्षा गार्ड द्वारा भक्तों से प्रवेश द्वारा से प्रवेश के लिए कहा गया था। इस दौरान कुछ भक्त महिला सुरक्षा गार्ड से अभद्रता करने लगे। जिसको देखकर सुरक्षा गार्ड भी वहां पहुंच गए और भक्तों को समझाकर मामला शांत करा दिया।
- सुशील गोस्वामी, मंदिर रिसीवर