वेटरिनरी विवि के दीक्षांत समारोह में वितरित होने वाले मेडल और डिग्री के प्रस्ताव पर विवि की विद्या परिषद छह अक्तूबर को अपनी स्वीकृति प्रदान करेगी। 17 नवंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर विवि विद्या परिषद की बैठक आहूत की गई है।
उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 17 नवंबर को होने जा रहा है। इसमें करीब 86 कालेज आफ वेटरिनरी साइंस और कालेज आफ बायोटेक के छात्र-छात्राओं को डिग्रियां और मेडल प्रदान किए जाएंगे।
इसे लेकर शुक्रवार को विश्वविद्यालय विद्या परिषद की बैठक होने जा रही है। इसमें दीक्षांत समारोह में दिए जाने वाले विभिन्न मेडल के लिए चयनित किए गए छात्रों के नाम पर स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इसमें बीवीएससी एंड एएच के छात्रों को छह मेडल प्रदान किए जाने हैं, जबकि एमवीएससी के छात्रों को तीन मेडल देने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा विद्या परिषद में यह भी प्रस्ताव रखा जाएगा कि इस बार दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय की ओर से दो विद्वानों को मानद उपाधि से सम्मानित किया जाए। इसके लिए आईसीएआर के डिप्टी डायरेक्टर जनरल डा. केएमएल पाठक और एनडीआरआई करनाल के डायरेक्टर कम वाइस चांसलर डा. एके श्रीवास्तव का नाम प्रस्तावित किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय विद्या परिषद की बैठक विश्वविद्यालय कैंपस में ही आयोजित होगी। दीक्षांत समारोह के अलावा इसमें कुछ और प्रस्ताव भी रखे जाने की संभावना है, जिसमें फरवरी में आयोजित होने जा रही नेशनल सेमिनार भी शामिल है।