ढोल नगाड़े बजाकर छप्पन भोग का न्यौता देते समिति के संस्थापक मुरारी अग्रवाल वअन्य ।
गोवर्धन। अनंत चतुर्दशी पर गिरिराजजी विशाल फूल बंगले में विराजमान होकर 56 भोग चखेंगे। श्रीगिरिराज सेवा समिति के अलौकिक छप्पन भोग का विधिवत उद्घोष मंगलवार को मथुरा के कृष्णा सभागार में नगाड़े की गूंंज के साथ हो गया।
समिति के संस्थापक मुरारी अग्रवाल ने नगाड़ा बजाकर छप्पन भोग की घोषणा की तो सभागार मंत्रोच्चार और गिरिराज महाराज की जय के जयकारों से गूंज उठा। बताया कि ब्रजवासियों के साथ देश-विदेश के भक्तों को आयोजन का न्यौता भेज दिया है। मुख्य संयोजक राघवेंद्र गर्ग ने बताया कि 25 सितंबर को गोवर्धन में गिरिराज तलहटी में छप्पन भोग का आयोजन होगा। कोलकाता और ओडिशा के कारीगरों ने आयोजन स्थल पर राजमहल तैयार कर दिया है।
कार्यक्रम की शुरुआत 19 सितंबर को अन्नपूर्णा रथ और भट्टी पूजन से होगी। 23 सितंबर को रथयात्रा के साथ दुग्ध धारा परिक्रमा होगी। 24 सितंबर को विभिन्न नदियों के जल तथा जड़ी-बूटियों से आराध्य का पंचामृत महाभिषेक होगा। प्रभु को गाय के घी से बना प्रसाद अर्पित किया जाएगा। आयोजन स्थल को हरिप्रियतिमा स्वरूप में सजाने के लिए थाईलैंड, मलयेशिया, श्रीलंका और केरल से फूल मंगाए गए हैं। आराध्य का हीरे, मोती, सोना, चांदी और सप्त रत्नों से शृंगार किया जाएगा। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष दीनानाथ रामभवन, महामंत्री अशोक कुमार आढ़ती, राजेंद्र कुमार सर्राफ, भगवान दास खंडेलवाल, सोमेश इंजीनियर, राकेश गर्ग, हरीश जैन सर्राफ, महेश मानसरोवर, बांके सोनी, दिनेश सादाबाद आदि उपस्थित रहे।