वृंदावन। ठाकुर श्रीबांके बिहारी मंदिर में बुधवार को श्रद्धालुओं की भीड़ भले ही कम रही लेकिन उमस भरी गर्मी में लोग परेशान रहे। गर्मी के कारण मध्य प्रदेश से दर्शन करने के लिए आई एक महिला श्रद्धालु मंदिर परिसर में बेहोश होकर गिर गई। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने चिकित्सकों की सहायता से उनका उपचार कराया।
बुधवार सुबह मंदिर के विद्यापीठ और जुगलघाट प्रवेश मार्ग से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी था। मंदिर के भीतर रेलिंग में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने पर बाहर बैरियर पर लोगों को रोक दिया गया। रेलिंग खाली होने के बाद ही श्रद्धालुओं को चरणबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश दिया गया। इस व्यवस्था के कारण बाहर इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं पर भीड़ का दबाव बढ़ता गया।
उमस और लंबे इंतजार के कारण मध्य प्रदेश निवासी करीब 50 वर्षीय श्रद्धालु जनक गुप्ता की तबीयत बिगड़ गई। मंदिर परिसर में उन्हें चक्कर आने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ीं। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उन्हें मंदिर परिसर में मौजूद चिकित्सा सहायता केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। कुछ देर आराम करने के बाद उनकी हालत सामान्य हो गई और वह अपने परिजन के साथ रवाना हो गईं।