यूपी के मथुरा जिले में जमीन के विवाद में पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। पिता की माैत हो गई, जबकि बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र की आजमपुर आवासीय कॉलोनी में शनिवार को जमीनी विवाद के चलते पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना में गंभीर रूप से घायल पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पुत्र घायल है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार आजमपुर आवासीय कॉलोनी निवासी सेनापति कुंतल अपने पुत्र सिद्धार्थ कुंतल के साथ घर से बाजार जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दोनों को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने सेनापति कुंतल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, पुत्र सिद्धार्थ का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।