वृंदावन में एक बुजुर्ग की उसके ही बेटे और पुत्रवधू ने बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित ने बताया कि बेटे ने तो गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। पीड़ित पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बाप बड़ा न भैया सबसे बड़ा रुपैया कहावत चरितार्थ साबित हुई वृंदावन में, जहां बेटे ने पत्नी के साथ मिलकर अपने पिता की पिटाई कर दी। उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की। पिता ने थाने में बेटे, बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित दुर्गापुरम पानी घाट निवासी भोलानाथ 24 जनवरी की शाम घर में बैठे थे, तभी उनका बेटा बिहारीलाल, अमित, बबली पत्नी बिहारीलाल, सोमवती पत्नी अमित, हिमांशु, जैसिका और चंचल हाथों में लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उनकी पिटाई की।
आरोप है कि उक्त लोगों ने भोलानाथ की गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की। कुछ रिश्तेदार बचाने आए तो उन्हें भी पीट दिया। इसके बाद पीड़ित ने किसी तरह खुद को बचाया और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।