मथुरा। किसानों की समस्याओं को लेकर रालोद सड़कों पर उतरा। प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे रालोद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोंधित आठ सूत्रीय मांगपत्र सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
रालोद जिलाध्यक्ष बाबूलाल प्रमुख ने कहा कि डीजल-पेट्रोल के रेट किसानों व आम जनता की पहुंच से बाहर हो गए। इन्हें तुरंत कम करके किसानों को डीजल पर सब्सिडी दी जाए। रसोई गैस के दाम कम किए जाएं। किसानों की खेती के लिए बिजली की व्यवस्था मुफ्त की जाए। आम आदमी को 300 यूनिट तक बिजली फ्री हो। बढ़ती महंगाई को देखते हुए खाद्य पदार्थों के बढ़ते रेटों पर तुरंत रोक लगाई जाए। बढ़ती बेरोजगारी दूर करने के लिए खाली पड़े हुए पदों को तुरंत भरा जाए।
कोरोना के वक्त छोटे दुकानदारों, व्यापारियों का बिजली का बिल माफ किया जाए। कोरोना के कारण जिन परिवारों ने अपनों को खोया है उन परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाए। छाता शुगर मिल अविलंब चालू कराई जाए। मजदूर वर्ग को राशन की मात्रा बड़ाई जाए और 5 हजार रुपये नकद सहायता के रूप में दिया जाए। ज्ञापन देने वालों में कुंवर नरेंद्र सिंह, जगपाल सिंह सुरेश भगत, जयवीर सिंह, नरेन्द्र सिंह, अनूप चौधरी, देवराज सिंह, राजपाल सिंह भरंगर, मुकेश प्रधान, हरवीर सिंह चौधरी, रोहित प्रताप, रविंद्र नरवार मौजूद रहे।