शेरगढ़। कस्बे के कोऑपरेटिव सोसाइटी पर खाद नहीं मिलने से किसानों ने जमकर हंगामा काटा। मंगलवार को सुबह से ही किसान सोसाइटी पर बैठे रहे, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल पाई।
किसानों का कहना है कि वह कई दिन से लगातार चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। चेतावनी दी कि यदि जल्दी ही खाद उपलब्ध नहीं कराया गया तो वह पेटल चौराहे पर जाम लगा देंगे। किसान अशोक सिंह छौंकर, जितेंद्र कुमार छौंकर, हुकुम सिंह, राधाकांत शर्मा, थान सिंह छौंकर आदि ने जिला प्रशासन से खाद दिलाने की मांग की है। संवाद
इधर नंदगांव में भी रबी सीजन की तैयारी कर रहे किसानों को इस बार खाद की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। खाद लेने के लिए किसान सुबह चार बजे से ही कोऑपरेटिव सोसाइटी पर लाइन में लग जाते हैं। घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है।
किसानों का कहना है कि मांग के अनुसार डीएपी खाद की आपूर्ति नहीं हो रही। राहुल, ओमप्रकाश, लखन सहित कई किसानों ने बताया कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी डीएपी नहीं मिल पा रही है। वहीं उन्हें जबरन डीएपी नैनो थमाई जा रही है, जिसे किसान खरीदने के लिए तैयार नहीं हैं। किसानों का कहना है कि अगर समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुई तो गेहूं और अन्य फसलों की बोवाई प्रभावित होगी।