उत्तर प्रदेश के मथुरा में भास्कर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में मंगलवार को बखेड़ा हो गया। आईसीयू में भर्ती सड़क हादसे में घायल युवक का परिजनों ने फोटो खींच लिया। इसका अस्पताल स्टाफ ने विरोध किया। परिजनों की ओर से भी गहमागहमी की गई। मामला मारपीट तक पहुंच गया। अस्पताल शहर कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर चौकी क्षेत्र में स्थित है।
कोतवाली और हाईवे थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले को शांत कराया। इसके बाद परिजन मरीज को दूसरे अस्पताल ले गए। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने उनके खिलाफ कोतवाली थाने में अभद्रता-मारपीट की तहरीर दी है।
बबलू निवासी नारायणपुर, जैंत सोमवार रात सड़क हादसे में घायल हो गए थे। परिवार वाले बबलू को भास्कर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले गए। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया। मंगलवार सुबह 10 बजे घायल को देखने के लिए परिजन आईसीयू वार्ड में पहुंचे। यहां उन्होंने मरीज की फोटो खींच ली। इससे स्टाफ नाराज हो गया। दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और मारपीट तक हो गई।
डॉ. भास्कर तिवारी ने बताया कि मारपीट में स्टाफ के चंदू, अर्जुन, कार्तिक, गार्ड विपिन सहित पांच लोगों को चोट आई है। इधर, पुलिस ने बबलू के परिजन से बात की तो उन्होंने बताया कि अस्पताल स्टाफ द्वारा अभद्र व्यवहार व मारपीट पहले से की गई थी। इंस्पेक्टर रवि त्यागी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। डॉ. भास्कर तिवारी की ओर से तहरीर मिली है।