फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोवर्धनवासी सांवरे तुम बिन रह्यौ न जाए...

Wed, 27 Jul 2016 12:05 AM IST
अमर उजाला वृंदावन
विज्ञापन
अंतिम विदाई को उमड़ा हुजूम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गोवर्धनवासी सांवरे तुम बिन रह्यौ न जाए..., यमुना तट पर सजे अपने अंतिम मंच पर पंचतत्व में विलीन होने से पूर्व चिरनिद्रा में लीन पद्मश्री विभूषित अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रासाचार्य स्वामी हरिगोविंद महाराज को यह अंतिम भावभीनी श्रद्धांजलि पद्मश्री रासाचार्य स्वामी रामस्वरूप ने अपने कोकिल कंठ से दी। धर्म, अध्यात्म, समाजसेवा और राजनीति आदि से जुड़े गण्यमान्य लोग बड़ी संख्या में रासलीला के नायक को अंतिम विदाई देने पहुंचे। इस दौरान सभी की आंखें नम और माहौल गमगीन था।
विज्ञापन


अपनी रासलीला के माध्यम से देश और विदेशों में अलग मुकाम बनाने वाले पद्मश्री स्वामी हरिगोविंद महाराज मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। सोमवार दोपहर हृदयगति रुक जाने से उनका निधन हो गया था। मंगलवार सुबह राजकीय सम्मान के साथ उनका यमुना तट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी अंतिम यात्रा रमणरेती स्थित गोविंद विहार से शुरू होकर बांकेबिहारी मंदिर मार्ग होते हुए गाजेबाजे के साथ यमुना तट पर जाकर समाप्त हुई। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट राम अरज यादव और सीओ सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने राजकीय सम्मान में उनके पार्थिव शरीर पर फूल माला अर्पित कीं। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र रासाचार्य स्वामी रामप्रसाद शर्मा ने दी।

इस अवसर पर विधायक प्रदीप माथुर, पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम, पद्मश्री स्वामी रामस्वरूप शर्मा, पद्मश्री कृष्णा चित्रकार, श्रीवत्स गोस्वामी, देवकीनंदन ठाकुर, स्वामी महेशानंद सरस्वती, महंत फूलडोल बिहारीदास, स्वामी रामदेवानंद, हरिबोल महाराज, योगेश द्विवेदी, सौरभ गौड़, सुनील चतुर्वेदी, कैप्टन हरिहर शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोहन सिंह सिसौदिया, गोविंद अग्रवाल, ललित अरोड़ा, सुरेशचंद्र शर्मा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
विज्ञापन



बिना गार्ड ऑफ ऑनर राजकीय सम्मान
पद्मश्री रासाचार्य स्वामी हरिगोविंद महाराज को यमुना तट पर अंतिम संस्कार से पहले राजकीय सम्मान में गार्ड ऑफ आनर न दिया जाना चर्चा का विषय रहा। पद्मश्री रासाचार्य स्वामी हरिगोविंद महाराज के अंतिम दर्शन के लिए प्रदेश शासन की ओर से राजकीय सम्मान में श्रद्धासुमन अर्पित करने सिटी मजिस्ट्रेट रामअरज यादव और सिओ सिटी चक्रपाणी त्रिपाठी पहुंचे। दोनों ने फूलमाला चढ़ाई लेकिन इस दौरान गार्ड आफ आनर नहीं दिया गया। जबकि 16 अगस्त 2013 को पद्मश्री कन्हाई चित्रकार की अंतिम विदाई के दौरान गार्ड आफ आनर दिया गया था। मामले में सिटी मजिस्ट्रेट राम अरज यादव ने बताया कि गार्ड ऑफ आनर के लिए एडीएम प्रशासन ने शासन में बात की थी लेकिन अंतिम समय तक आदेश प्राप्त नहीं हो सके।

गार्ड ऑफ ऑनर के संबंध में शासन से जानकारी कर ली गई है। पद्मश्री से सम्मानित विभूति को मरणोपरांत गार्ड ऑफ ऑनर देने का प्रावधान नहीं है। ऐसा केवल भारत रत्न से सम्मानित विभूतियों के लिए जरूरी होता है। 
- निखिल चंद्र शुक्ला
डीएम


सामाजिक संस्थाओं ने दी श्रद्धांजलि
चैतन्य गौरांग लीला के जनक पद्मश्री स्वामी हरिगोविंद महाराज के निधन पर नगर की विभिन्न संस्थाओं ने शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को ब्रज और रासलीला क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। धर्मरक्षा संघ की रमणरेती स्थित लक्ष्मी निकुंज पर आयोजित बैठक में अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि स्वामी हरिगोविंद महाराज के निधन से रासलीला के क्षेत्र में हुई कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता।

आचार्य बद्रीश, गोपेश गोस्वामी, तुलसी स्वामी, अश्विनी मिश्र आदि उपस्थित थे। वृंदावन बाल विकास परिषद् की श्रद्धांजलि सभा किशोरपुरा स्थित कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें संरक्षक मेघश्याम वार्ष्णेय ने कहा कि रासलीला को देश-विदेश तक पहचान दिलाने में पद्मश्री हरिगोविंद महाराज का योगदान अहम रहा। इस अवसर पर राजकिशोर भारती, नवीन चौधरी, घनश्याम चौधरी, सुजीत वार्ष्णेय आदि उपस्थित थे। आनंद लोक संस्था की शोक सभा पत्थरपुरा स्थित शील वाली कुंज पर आयोजित हुई। इसमें विष्णुकांत शास्त्री, देवेंद्र शर्मा, भरत गौतम, नवीन टैंटीवाला आदि उपस्थित थे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें