मथुरा। उप्र पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा देने आए दर्जनों युवकों के अरमानों पर बारिश का कहर और निगम के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों की लापरवाही भारी पड़ गई। अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंच सके। नगर निगम से लेकर पुलिस, प्रशासन तक ने इन परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था के विषय में सोचा तक नहीं। इन अभ्यर्थियों की आंखों से आंसू छलक उठे। महीनों कर रहे परीक्षा की तैयारी धरी रह गई।
बीएसए कॉलेज में परीक्षा सुबह 10 बजे थी। मथुरा पहुंचे तो स्टेट बैंक चौराहा के पास फंस गए। यहां अंडरपास पर जलभराव था। आवागमन बंद हो गया। ऑटो, ई-रिक्शा डूब जा रहे थे। पुलिस-प्रशासन या नगर निगम ने भी यह नहीं सोचा कि कोई बड़ा वाहन भेजकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचा दें।
- वेदप्रकाश, अतरौली, अलीगढ़
बारिश में हुए जलभराव ने इस भर्ती में सिपाही बनने के अरमानों को डूबो दिया। पिछली परीक्षा रद्द हो गई थी। अब तो उम्मीद भी नहीं है कि ना जाने अब सरकार अपने इस कार्यकाल में भर्ती निकाले। मथुरा के विषय में सुना था काफी अच्छा है। मगर, धरातल पर सच्चाई कुछ और है।
- राहुल कुमार, बुलंदशहर