मथुरा। सहकारिता विभाग से जुड़ी सहकारी समितियों का 11 अंकों का विशेष कोड बनाने की तैयारी विभाग ने शुरू कर दी है। इन समितियों से जुड़े 53 हजार किसानों का किसान पहचान पत्र भी बनेगा। इसके बाद ही किसानों को सभी लाभ मिल सकेंगे।
सहकारिता विभाग के मंत्री जेपीएस राठौर ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिंह धनगर के साथ ही अन्य अधिकारी भी इसमें जुड़े। बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिंह ने कहा कि जिले में संचालित 79 सहकार समितियों का एक विशेष कोड जारी किया जाएगा। यह कोड 11 अंकों का होगा। इस कोड से उस समिति की पहचान डिजिटल रूप में बदल जाएगी। सहायक आयुक्त विवेक कौशल ने कहा कि 79 सहकारी समितियों से 53 हजार किसान पंजीकृत हैं।
इन किसानों का अब एक पहचान पत्र बनेगा। इससे जो किसान जिस समिति से जुड़ा होगा, उसकी पूरी जानकारी एक साथ मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि एक सितंबर से सदस्यता महाभियान-2 चलाया जाएगा। इस योजना में प्राथमिक डेयरी समितियों के सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड अभिषेक शुक्ला, मुख्य कार्यपालक अधिकारी दमन लाल शर्मा, सुमित कुमार शर्मा के साथ अन्य अधिकारी मौजूद रहे।