मथुरा में लुटेरों ने दूल्हे के ताऊ से दो लाख रुपये लूट लिए। वारदात के तीन दिन बाद भी बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है। पुलिस बदमाशों की तलाश में अब एक सैकड़ा से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है।
मथुरा के थाना यमुनापार स्थित लोहवन रोड पर शनिवार की रात को दूल्हे के ताऊ से दो लाख रुपये लूटने वाले बाइक सवारों का पुलिस सोमवार को कोई सुराग नहीं लगा सकी। एसएसपी ने मामले की खुलासे के लिए थाना पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस की टीम को लगाया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में अब एक सैकड़ा से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है।
विज्ञापन
थाना प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल ने बताया कि शनिवार को राया-लोहवन मार्ग स्थित मैरिज होम में आगरा के सैंया से बरात आई थी। रात 10 बजे के करीब दूल्हे के ताऊ छीतर प्रसाद मैरिज होम के बाहर खड़े होकर बरातियों को देख रहे थे। तभी लोहवन की ओर से दो बाइक सवार युवक आए। उन्होंने बाइक रोकी और छीतर प्रसाद के हाथ में लगे बैग को छीना और लक्ष्मी नगर की ओर भाग गए।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने वारदात के खुलासे के लिए थाना पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम को भी लगाया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूर्व में छिनैती और लूट में पकड़े गए 15 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।