बरसाना। हरियाली तीज पर राधारानी मंदिर में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। बुधवार को रोपवे कार्यालय में गोष्ठी हुई। इसमें तय किया गया कि श्रद्धालु परंपरागत मार्ग से श्रीजी गेट, कटारा पार्क, सुदामा चौक, दादी बाबा मंदिर, सिंगपुर गेट तथा सफेद छतरी के पास से होते हुए राधारानी मंदिर में दर्शन के लिए प्रवेश करेंगे।
बैठक में श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश और दर्शन के बाद निकास की व्यवस्था तय करने के साथ ही भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा और साफ-सफाई को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत और एडीएम प्रशासन डॉ. अमरेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में दर्शन के पश्चात निकास द्वार से जयपुर मंदिर और थाना तिराहा के रास्ते श्रद्धालु अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे।
अधिकारियों ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने के कड़े निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए उचित स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे। मेले के दौरान सुचारू चिकित्सा व्यवस्था के साथ ही व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया गया। गोष्ठी में लाडली जी मंदिर के रिसीवर डॉ. यज्ञ पुरुष, कीर्ति मंदिर के प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह उपस्थित रहे। संवाद