कान्हा की नगरी मथुरा में आपराधिक वारदातों पर लगान लगाने के लिए पुलिस ने नई रणनीति तैयार कर ली है। इसके तहत अब जिले के 19 प्रेवेश मार्गों पर कैमरे से नजर रखी जाएगी।
अपराधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने जिले के सभी 19 प्रवेश मार्गों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का फैसला लिया है। पहले चरण में आधा दर्जन मार्गों पर कैमरा लगाए जाएंगे। इसके बाद अन्य मार्गों को भी कैमरों से लैस कर दिया जाएगा। एसपी देहात ने सभी मार्गों की सूची तैयार कर एसएसपी श्लोक कुमार को भेज दी है। एसएसपी की संस्तुति के बाद सूची मुख्यालय भेजी जाएगी।
विज्ञापन
राजस्थान और हरियाणा से सीमा सटी होने के कारण मथुरा में आपराधिक गतिविधियां अधिक होती हैं। आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के बाद अपराधी सीमा पार चले जाते हैं और पुलिस उन्हें जिले के अंदर खोजती रहती है। इसके अलावा हरियाणा में शराब सस्ती होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग और यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए बिहार तक इस शराब की सप्लाई होती है। पुलिस बार्डर पर बैरियर लगाकर चेकिंग भी करती है, लेकिन तस्कर आसपास के मार्गों से होते हुए निकल जाते हैं।
एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले कुल 19 मार्ग हैं। इसमें कुछ अंतरराज्यीय तथा कुछ अंतर्जनपदीय हैं। पुलिस ने इसमें से 48 प्वाइंट ऐसे तय किए हैं जहां सीसीटीवी कैमरा लगना आवश्यक है। पहले चरण में 20 प्वाइंटों पर कैमरा लगाने की योजना तैयार की गई है। अगले चरण में अन्य मार्गों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
साइबर अपराधियों की कमर तोड़ने का भी काम करेंगे सीसीटीवी कैमरा
एसपी देहात के सर्किल के आठ गांव रेड जोन में आते हैं। यहां साइबर अपराध सबसे ज्यादा सामने आए हैं। साइबर अपराधी मथुरा में बैठकर अपराध करते हैं और इसके बाद सीमा पार कर दूसरे प्रदेश में चले जाते हैं। इसमें थाना गोवर्धन के गांव देवसेरस, दौलतपुर, मडौरा, मलसराय, भगौसा, नगला अकतिया, कामा रोड गोवर्धन, थाना बरसाना के गांव हाथिया और नगला जानू, थाना कोसीकलां के शाहपुर, उटाबर, थाना शेरगढ़ के विशंभरा, बाबूगढ, गुलालपुर, छाता कोतवाली के छाता और शेरगढ़ क्षेत्र साइबर ठगी के लिए प्रसिद्ध हैं।
कावड़ यात्रा के चलते राया से मगोर्रा तक लगाए हैं 48 कैमरे
सावन मास में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने राया से लेकर मगोर्रा तक कुल 48 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इसके अलावा हाईवे पर पड़ने वाले थानों और टोल टैक्स पर भी सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इन कैमरों को मार्ग में पड़ने वाले थानों से जोड़ा गया है।