न्यायिक आयोग की जांच की आंच में कई अफसरों का झुलसना तय माना जा रहा है। जवाहर बाग खाली कराने में हीलाहवाली करने वाले अफसर और एसपी सिटी को छोड़कर भागने वाले अधिकारी नपेंगे। स्थानीय स्तर पर की जा रही जांच भी जल्द पूरी होने की संभावना है।
दो जून को हुई जवाहर बाग हिंसा में एसपी सिटी और थानाध्यक्ष समेत 29 लोगों की मौत हो गई थी। उस वक्त कई अधिकारियों की लापरवाही सामने आई थी। जिस वक्त एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी जवाहर बाग खाली कराने जा रहे थे, उनके साथ कई सीओ और थानाध्यक्ष थे। प्रशासनिक अफसर भी यहां रहे। लेकिन जब एसपी सिटी को भीड़ ने घेर लिया था तब सारे अधिकारी उन्हें छोड़कर भाग गए थे। अगर अधिकारी भीड़ का मुकाबला करते तो शायद एसपी सिटी को बचा लिया जाता।
इस मामले में स्थानीय स्तर पर भी जांच चल रही है। एसपी क्राइम ब्रांच को जांच सौंपी गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी। वहीं न्यायिक आयोग के समक्ष भी यह पूरा मामला पहुंचेगा। पुलिस जो जांच करेगी उसकी रिपोर्ट भी आयोग को दी जाएगी। इस मामले में कइयों का नपना तय माना जा रहा है।