निगम की कार्रवाई के दौरान आक्रोश जताते व्यापारी।
मथुरा। जन्मोत्सव से पहले नगर निगम की टीम शहर के प्रमुख मार्गों के फुटपाथों पर अतिक्रमण करके शोभा बिगाड़ने वालों पर नकेल कस रही है। मंगलवार को टीम ने महोली रोड पर अतिक्रमण हटाया। कुछ व्यापारी ने इसका विरोध किया। कुछेक व्यापारियों ने खुद ही सामान समेट लिया। टीम ने कई प्रतिष्ठानों का सामान जब्त कर लिया और 17 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
मंगलवार दोपहर को नगर निगम की टीम ने महोली रोड, मंडी चौराहा, सौंख रोड समेत विभिन्न मार्गों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। टीम की कार्रवाई देखकर कई दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों के शटर डाल दिए। वहीं महोली रोड पर कार्रवाई के दौरान व्यापारी विरोध करने लगे। करीब 30 मिनट तक अधिकारियों व व्यापारियों में नोंकझोक होती रही। टीम ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस की मौजूदगी में विभिन्न प्रतिष्ठानों के सामने से अतिक्रमण हटवाया और जुर्माना लगाया। अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने बताया है कि अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को भी कई स्थानों पर अभियान चलाया जाएगा।
नगर आयुक्त ने जन्मभूमि की परखीं व्यवस्थाएं
इधर, नगर आयुक्त जग प्रवेश ने जन्मभूमि के गेट नंबर एक से तीन नंबर गेट तक सफाई-व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और लाइटों की व्यवस्थाएं परखीं। उन्होंने श्रीकृष्ण लीलाओं पर आधारित दीवारों पर कलाकृतियां बनाने और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है अगर किसी ने कार्य में लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।