आतंकी हमले के खतरे के चलते गणतंत्र दिवस के लिए जिले में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। गुरुवार को सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की सुरक्षा का जायजा लिया। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से श्रीकृष्ण जन्मस्थान, वृंदावन और रिफाइनरी की निगरानी कराने का निर्णय लिया गया है। 24 से 26 जनवरी तक जिले के प्रमुख स्थल ड्रोन कैमरे की निगरानी में रहेंगे।
बता दें कि जिला प्रशासन वर्तमान हालातों में जिले की सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक नहीं चाहता है। इसलिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। गुरुवार को सुबह करीब सात बजे सेना और पुलिस के अधिकारी गोपनीय रूप से वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में पहुंचे। यहां मंदिर के सभी प्रवेश मार्गों और आंतरिक व बाहरी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने आपात स्थिति में बचाव कार्य के लिए मंदिर के निकास मार्गों की गहन पड़ताल की। इसके बाद एक संयुक्त सुरक्षा खाका तैयार किया गया है।
इधर, एसएसपी डा. राकेश सिंह ने बताया कि जिले में दो ड्रोन कैमरे तीन दिन तक निगरानी करते रहेंगे। प्रमुख मंदिरों, प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। खास तौर पर वृंदावन परिक्रमा मार्ग, श्रीकृष्ण जन्मस्थान और आईओसीएल रिफाइनरी पर कैमरे की नजर रहेगी।
रिफाइनरी की बाह्य सुरक्षा के लिए पुलिस ने सीआईएसएफ के साथ बैठक कर नीति तय की है। सीओ रिफाइनरी सुरेन्द्र यादव ने बताया कि सीआईएसएफ अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद 24 घंटे दो अंकुश मोबाइल टीम से पेट्रोलिंग की योजना बनी है। दो क्यूआरटी दस्ते रिफाइनरी की खुली पाइपलाइन, बाउंड्रीवाल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर हरवक्त चेकिंग करेंगे। दो विशेष पुलिस पिकेट भी लगाए गए हैं।
एक्सप्रेसवे पर चार विशेष दस्ते
यमुना एक्सप्रेसवे पर जिले की सीमा में चार विशेष सुरक्षा दस्ते तैनात किए गए हैं। इनमें से दो-दो सुरक्षा दस्ते एक्सप्रेसवे की दोनों दिशाओं में चेकिंग कर रहे हैं। एसपी देहात अजय कु मार पांडेय ने क्यूआरटी के विशेष प्रशिक्षण प्राप्त जवानों को तैनात किया है। हाईवे पर दो विशेष मोबाइल दस्ते सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। इसमें एक दस्ता कोटवन चेक पोस्ट से लेकर जैंत चौकी तक और दूसरा दस्ता जैंत चौकी से रैपुराजाट फरह में आगरा सीमा तक तैनात है। इसमें एक इंस्पेक्टर और दरोगा सहित पांच सिपाही तैनात किए हैं।