इमरजेंसी के वार्ड में बेड पर बिछाई गईं चादरें।
मथुरा। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में अव्यवस्थाओं की खबर प्रकाशित होने के बाद जिम्मेदारों की नींद टूटी। मंगलवार को सीएमएस ने खड़े होकर अव्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया। इमरजेंसी के वार्डों में सफाई कराई गई और बेड पर चादर भी बिछाई गईं। इतना ही नहीं सात माह बाद नर्सिंग स्टाफ का ड्यूटी चार्ट भी अपडेट किया गया।
मंगलवार के अंक में अमर उजाला ने इमरजेंसी की अव्यवस्थाओं को उजागर किया था। गंदगी के चलते वार्डों से उठती दुर्गंध और मरीजों के बेड पर चादर न होने का मामला प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके साथ ही नर्सिंग स्टाफ का ड्यूटी चार्ट सात माह से अपडेट न होने और चिकित्सकों का ड्यूटी चार्ट 21 दिन से अपडेट न होने की भी फोटो प्रकाशित की थी।
खबर छपने के बाद जिला अस्पताल प्रशासन की नींद टूटी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकुंद बंसल ने सख्ती की तो देखते ही देखते व्यवस्थाएं बदल गईं। सुबह ही वार्डों में सफाई कराई गई और फिनाइल डालकर पूरे परिसर को साफ किया गया। इसके साथ ही सभी मरीजों के बेड पर चादर भी बिछाए गए। इतना ही नहीं सात माह बाद नर्सिंग स्टाफ का ड्यूटी चार्ट भी अपडेट किया गया। चार्ट पर विधिवत कर्मचारियों के नाम दर्ज किए गए। वहीं चिकित्सकों का ड्यूटी चार्ट भी मंगलवार को लंबे समय बाद अपडेट नजर आया। सीएमएस डॉ. मुकुंद बंसल ने बताया कि खबर का संज्ञान लेकर वह सुबह ही इमरजेंसी पहुंचे और वहां साफ-सफाई कराई। ड्यूटी चार्ट भी नियमित अपडेट कराने के निर्देश दिए हैं।