तीर्थनगरी मथुरा से करीब 20 लोग वैष्णो देवी की यात्रा के लिए जम्मू गए थे। इनकी बस खाई में गिर जाने से हादसा हो गया। हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिली तो घर में रोना बिलखना शुरू हो गया। परिजन मौके के लिए रवाना हो गए।
विज्ञापन
बलदेव थाना क्षेत्र नगला लोका और दौलतपुर गांव से करीब 18-20 लोग जम्मू के वैष्णो देवी धाम की यात्रा पर गए थे। इसमें पुरुष व महिलाएं शामिल हैं। बस गुरुवार दोपहर 12 बजे पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अखनूर के टूंगी मोड़ पहुंची। यहां से जम्मू से शिवखौड़ी धाम जाते समय हादसा हो गया। बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
खबर मिली तो घर के लोगों ने अपने-अपने परिजन की जानकारी लेनी शुरू कर दी। कई लोगों से बात हुई, कई लोगों से बात नहीं हो सकी। जिन लोगों से बात नहीं हो सकी उनके परिजन चिंतित हैं। जानकारी के मुताबिक स्थानीय प्रशासन राहत बचाव कार्य में जुट गया। लोगों को बाहर निकालकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
गांव व घर के लोग मौके के लिए रवाना हो गए। यात्रा में गए रणवीर और उनकी पत्नी अमरवती के बेटे सोनू ने बताया कि उनके परिवार से रघुवीर सिंह (70), नीलम देवी (37), अजीत, प्रणव पन्नू, संगीता और उनका लड़का व लड़की, गीता, जितिन गए हैं।
ये लोग हुए घायल
जानकारी के अनुसार नगला लोका गांव निवासी अमरवती देवी (60), रणवीर सिंह (62), गीता (35), शारदा (50), सुनीता (36) घायल हैं। इसके अलावा विकास (22) निवासी हाथरस और भेरामदा, नदबई भरतपुर निवासी कमला देवी (48) निवासी किला मुरसान, राजवती (50) निवासी भरतपुर, मुन्नी देवी (48) निवासी भरतपुर, अंजू (46) निवासी भरतपुर, निरमा (40) घायल हैं।
मथुरा पुलिस और प्रशासन, जम्मू प्रशासन के संपर्क में देर रात तक रहा
जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह व एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि हादसे के संबंध में जम्मू प्रशासन के साथ लगातार संपर्क किया गया। मथुरा के लोगों को लेकर स्थिति का पता किया जाता रहा। अधीनस्थों के जरिये घायलों के परिवार वालों को सूचना भी करा दी गई है। जम्मू प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं। घायलों के परिजनों से जानकारी मिली है कि वह जम्मू के लिए रवाना हो गए हैं।
बस में चल रहा था कीर्तन, अचानक हुई आवाज और खाई में जा गिरे
रनवीर के परिजनों के जरिये घायलों से फोन पर हुई वार्ता में उन्होंने बताया कि बस सामान्य तौर पर पहाड़ी पर चल रही थी। सभी लोग भक्ति में डूबे हुए थे। बस में कीर्तन चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आवाज हुई। लोग एक दूसरे के ऊपर गिरने लगे। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले बस खाई में जा गिरी थी। लोग चीख रहे थे। बचाव को पुकार लगा रहे थे। काफी देर बाद बचाव के लिए फोर्स आई।
रघुवीर के परिजनों के जरिये फोन पर वार्ता हुई। घायलों ने बताया कि खाई में बस गिरते ही काफी लोग चोट व डर के कारण बेहोश हो गए। जिन लोगों को होश था यह चीख पुकार कर रहे थे। सभी की आंखों के सामने मौत का खौफनाक मंजर था।