मथुरा। कृष्णानगर उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को सुधार कार्य किया गया। बिजलीघर पर 33 केवी के दो सर्किट ब्रेकर और दो आइसोलेटर लगाने के साथ ही दो फायर वॉल का निर्माण कार्य हुआ। ऐसे में सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक बिजली बाधित रही। ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अधिशासी अभियंता अनिल कुमार पाल ने सुधार कार्य के चलते सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक ही बिजली आपूर्ति रहने की बात कही थी, जबकि इसके बाद भी करीब तीन घंटे कार्य पूरा नहीं हो सका। लक्ष्मीनगर, मधुवन इंक्लेव, बैंक कॉलानी, जगन्नाथपुरी, कैलाश नगर, राधानगर, गोविंद नगर जन्मभूमि लिंक रोड, ओम नगर, सब्जी मंडी, दरेसी, बजरिया, नीम गली, घीया मंडी, खारी कुआं, त्रिवेणी, गोर्वधन चौराहा आदि क्षेत्र प्रभावित रहे। बिजली न आने से लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर जवाब दे गए।
घरों में लगी बिजली से चलने वाले उपकरण शोपीस बन गए। ऐसे में लोगों के सामने पानी की भी समस्या हुई। दिनभर बिजली न होने से मोबाइल भी डाउन हो गए। शाम को जैसे ही विद्युत आपूर्ति सुचारू हुई तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, औरंगाबाद में 132 केवी उपकेंद्र में लगे ट्रांसफार्मर में दोपहर करीब तीन बजे अचानक फॉल्ट हो गया। उपभोक्ताओं ने इसकी जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों को दी। इस पर टीम ने पहुंचकर मरम्मत कार्य किया और लगभग रात साढ़े आठ बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी।