- चार अलग-अलग तरीकों से की जा रही है चोरी
-शंट, कटिया, अंडर ग्राउंड और व्यावसायिक उपयोग से चोरी
-विद्युत निगम ने 50 के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। विद्युत निगम तमाम प्रयासों के बावजूद बिजली चोरों पर शिकंजा नहीं कस पा रहा है। स्थिति अधिकारी डाल-डाल तो चोर पात-पात वाली है। विद्युत चोरी के अलग-अलग तरीके देखकर विभागीय अधिकारी भी दंग हैं। बीते एक महीने में विद्युत चोरी के ऐसे 100 मामले पकड़े गए हैं और 50 उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बिजली चोर भूमिगत केबल में सेंधमारी कर विद्युत चोरी कर रहे हैं। भूमिगत केबल में कट लगाकर इसे अंजाम दिया जा रहा है। इससे विद्युत निगम को हर महीने बड़ी चपत लग रही है। चोर इस तरह से बिजली का भरपूर उपयोग कर रहे हैं। विद्युत निगम के अधिकारियों के मुताबिक दूसरा तरीका घरेलू कनेक्शन पर व्यावसायिक उपयोग का है। इसमें चोर घरेलू कनेक्शन लेकर व्यावसायिक इस्तेमाल कर रहे हैं। विद्युत उपयोग से खुद तो कमाई कर ही रहे हैं। विभाग को मोटी चपत लगा रहे हैं। एक महीने में विभागीय अधिकारियों ने इस तरह चोरी के 50 मामले पकड़े हैं। तीसरा तरीका विद्युत मीटर में शंट लगाकर विद्युत चोरी करने का है। इसमें चोर मीटर में शंट यानि कट लगाकर बिजली चोरी करते हैं। शंट इतना महीन होता है कि आसानी से पकड़ में नहीं आता। अधिकतर चोर रात के वक्त ही विद्युत मीटर में शंट लगाते है। शंट लगाने के बाद विद्युत उपभोग तो पूरा रहता है लेकिन विद्युत बिल बेहद कम हो जाता है। एक महीने की चेकिंग में विद्युत निगम की टीम ने शंट लगाकर बिजली चोरी के 10 मामले पकड़े हैं। चौथा तरीका कटिया डालकर विद्युत चोरी करने का है, जो सबसे पुराना है। इससे विद्युत निगम को हर महीने अच्छा खासा नुकसान हो रहा है। कटिया डालकर विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
वर्जन
विद्युत चोरों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। चार अलग-अलग तरीकों से विद्युत चोरी के मामले पकड़ में आए हैं। बिजली चोरों करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। -कुंवर शर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत नगरीय वितरण खंड प्रथम