कोसीकलां। पुराने मीटरों की जगह लगाए गए स्मार्ट मीटरों से शनिवार को करीब 100 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इससे उपभोक्ता परेशान दिखाई दिए। बिजलीघर पर जाकर बिल में अतिरिक्त राशि जमा की, तब जाकर बिजली शुरू हो सकी। कोसी डिवीजन में करीब 6 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के यहां प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
डिवीजन में करीब 9 हजार उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य मिला था। इनमें से अब तक 6 हजार उपभोक्ताओं के घर प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को उतनी ही बिजली मिलेगी, जितना वो रिचार्ज कराएंगे। अगर बैलेंस खत्म हो जाता है तो आपूर्ति स्वतः बंद हो जाएगी। रिचार्ज कराने के बाद ही बिजली आपूर्ति चालू होगी। शनिवार को बिस्लोकर निवासी विनोद अग्रवाल ने बताया कि उनकी बिजली चली गई, पता करने पर रिचार्ज कराया, बब बिजली शुरू हो सकी। पुरानी जीटी रोड निवासी दीपक अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल का कहना था कि अचानक बिजली बंद हो गई, समझा कि पहले आ जाएगी, लेकिन नहीं आई। बाद में रिचार्ज कराने के बाद बिजली शुरू हो सकी। अधिशासी अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि खाते में बैलेंस खत्म हो जाता है तो बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाएगी। रिचार्ज करने पर मोबाइल की तर्ज पर बिजली दोबारा चालू हो जाएगी। शुक्रवार से यह व्यवस्था पूरे डिवीजन में लागू कर दी गई है।
एसडीओ पंकज कुमार ने बताया कि उपभोक्ता यूपी पावर कारपोरेशन की वेबसाइट, मोबाइल एप, भीम, फोन-पे, गूगल-पे जैसे डिजिटल माध्यम से घर बैठे कर स्मार्ट मीटर में बिजली चार्ज करा सकते हैं। विभागीय काउंटर पर भी रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध है। जिन उपभोक्ताओं के प्रीपेड मीटर का बैलेंस निगेटिव में है, वे एप डाउनलोड कर रिचार्ज कर सकते हैं या विद्युत विभाग के कैश काउंटर, उपकेंद्र, उपखंड/खंड कार्यालय में संपर्क कर समस्या का समाधान करा सकते हैं। उपभोक्ता केंद्रीयकृत टोल फ्री नंबर 1912 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।