मथुरा के नौहझील कस्बे के बिजलीघर पर बुधवार रात 12 बजे 33 केवी लाइन के केबल बाक्स में अचानक फॉल्ट हो गया। तेज आवाज के साथ बाक्स फट गया। इससे बिजलीघर से जुड़े लगभग 5 दर्जन गांवों की बिजली गुल हो गई। बृहस्पतिवार दोपहर लगभग 12 बजे केबल बाक्स ठीक होने के बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू हो सकी। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
विद्युत फॉल्ट से नौहझील, छिनपारई, दौलतपुर, बसाऊ, इनायतगढ़, मुकदुमपुर, बाघर्रा, बरौठ, ठेनुआं, अड्डा फिरोजपुर आदि की सप्लाई बाधित हो गई। जिनके घरों में इन्वर्टर नहीं थे, उन्होंने रात जागते हुए काटी। हालांकि अन्य लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर भी कुछ घंटों में जवाब दे गए। अचानक बिजली गुल होने से लोगों को पेयजल समेत अन्य समस्याओं से जूझना पड़ा। नहाने से लेकर पीने के पानी का संकट हो गया। लोग विद्युत निगम के अधिकारियों के फोन मिलाते रहे, लेकिन अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक के फोन नहीं उठे।
गांव बरौठ निवासी अमित ने बताया कि गांव में शेड्यूल के मुताबिक बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। फॉल्ट के नाम पर बार-बार बिजली कटौती की जा रही है। गांव मुकदुमपुर निवासी नारायण ने बताया कि बुधवार रात बार-बार बिजली की ट्रिपिंग होती रही। रात करीब 12 बजे केबल बॉक्स में फॉल्ट होते ही बिजली गुल हो गई।
नौहझील निवासी सरपंच राजू गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में जर्जर लाइनों को बदला नहीं गया है, इसके चलते समस्या हो रही है। जन कल्याण योजना के जिलाध्यक्ष मनीष जिंदल ने कहा कि गर्मियों में बिजली कटौती से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
एसडीओ लाल बहादुर ने बताया कि ओवरलोडिंग के चलते लाइन में फॉल्ट हो गया था। 33 केवी लाइन का केबल बॉक्स फट गया। इससे नौहझील बिजलीघर से जुड़े गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। फॉल्ट की जानकारी मिलते ही कर्मचारी उसे ठीक करने में जुट गए। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे फाॅल्ट को सही कराकर बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी गई है।