शहर में भी बिजली की भीषण कटौती ने लोग परेशान हैं। रविवार को भी सुबह आठ बजे से ही बिजली की कटौती शुरू हो गई। शाम सात बजे तक करीब पांच घंटे की कटौती की गई। इस कारण जल संकट भी गहरा गया। इंद्रप्रस्थ कालोनी में हालात और भी बदतर हैं। यहां तो कई दिन से लोग बिजली और पानी के लिए परेशान हैं।
हर रोज करीब आठ घंटे की कटौती के कारण लोगों की पानी की टंकियां भी जवाब दे जाती हैं। सुबह जब टंकी भरने का नंबर आता है उस समय अक्सर बिजली गुल रहती है। यदि कहीं रात के वक्त फाल्ट हो गया तो वह अगले ही दिन सही हो पा रहा है। भीषण गर्मी में लोग चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं। लगातार बिजली कटौती की समस्या से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। बिजली कटौती का यह संकट वृंदावन, गोवर्धन, गोकुल, राया, राधाकुंड समेत पूरे जिले में है।
रविवार को दिन में हुई कटौती
सुबह को आठ बजे ही बिजली आपूर्ति बंद हुई तो 10 बजे सुचारु हो सकी। इसके बाद 11:30 बजे फिर बंद हो गई 11:50 पर सुचारु हुई। दोपहर को दो बजे फिर चली गई जो चार बाजे आई। शाम को 4:45 बजे बंद हुई आपूर्ति पांच बजे सुचारु हुई। शाम सात बजे फिर बंद हो गई और 7:15 बजे सुचारु हुई।