जिले में प्रथम और द्वितीय चरण के चुनाव के लिए प्रेक्षक विशेष सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अभिषेक प्रकाश ने अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मतदान की प्रक्रिया जितनी निष्पक्ष, पारदर्शी और मानकों को पूरा करते हुए की जाएगी, मतगणना उतनी ही सुगम और निर्विघ्न होगी।
गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रेक्षक ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि मतदान केंद्र के बाहर न्याय पंचायत और उम्मीदवारों का नाम, मतदाताओं के पहचान के 17 विकल्पों की सूची अवश्य चस्पा की जाय। उन्होंने बताया कि इस बार बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर अमिट स्याही का निशान लगाया जाएगा। मतपत्र को पहले से ही सही ढंग से मोड़ा जाए जिससे मतदान के बाद स्याही किसी अन्य उम्मीदवार के निशान पर न लगे।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर लगाई गई सुरक्षा की टीम उम्मीदवारों का बस्ता पोलिंग परिसर से 200 मीटर की दूरी पर रखे। मजिस्ट्रीयल टीम शांति व्यवस्था के साथ यदि कोई निर्वाचन संबंधी समस्या आती है तो उसका भी निराकरण तत्काल कराए।
उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि पोलिंग पार्टियां जिस रूट से जाएं उसी से वापसी करें। रूट संख्या का उल्लंघन करने वाली पोलिंग पार्टियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
डीएम राजेश कुमार ने प्रेक्षक को अवगत कराया कि प्रथम चरण में विकास खंड चौमुंहा, छाता और नंदगांव में मतदान होना है। इन क्षेत्रों में 214 मतदान केंद्र, 493 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इसमें से 23 अति संवेदनशील, 29 संवेदनशील केंद्र हैं। अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी और संवेदनशील केंद्रों की स्टिल फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई है। दूसरे चरण के मतदान की व्यवस्थाएं अंतिम चरण में चल रहीं हैं।
एसएसपी डा. राकेश सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित मानक के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। बैठक में सीडीओ मनीष कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन अजय कुमार अवस्थी, वित्त एवं राजस्व महेंद्र प्रसाद सहित सभी एसडीएम आदि मौजूद रहे।