कोसीकलां। उत्तर भारत के ऐतिहासिक भरत मिलाप मेले के सफल आयोजन के लिए श्री रामलीला संस्थान के द्विवार्षिक चुनाव के लिए साधारण सभा की बैठक में जमका हंगामा हुआ। अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए तीन नाम सामने आने के बाद पंचों में आम सहमति नही बन सकी। इस मामले में सोमवार आज दोबारा से बैठक होगी। इसमें अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।
रविवार को शाम चार बजे भरत मिलाप चौक पर विष्णु शर्मा की अध्यक्षता में ढाई घंटे तक चली बैठक में प्रवीण अग्रवाल ने सुरजीत चौधरी, अमित अग्रवाल ने अजय, अग्रवाल सभा के मंत्री जगदीश गोयल ने गिर्राज चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। बैठक में सभी से सहमति बनाने का प्रयास किया, लेकिन कोई नतीजा नही निकला तो बाद में सभा में भानुप्रताप सिंह, कमल किशाेर वाष्णेय, जगदीश सुपानिया, सुभाष चौधरी, नरेंद्र गुर्जर, ओमवीर सिंह, सत्यप्रकाश शर्मा, श्याम सिंह, संरीब जाविया, सुभाष गोयल, तरुण सेठ, भगवत रूहेला, भजनलाल चौधरी, डा.प्रकाश आर्य, राजीव अग्रवाल आदि को तीनों नामों में से अध्यक्ष पद के लिए चुनने की जिम्मेदारी सौंपी गई। खासी जद्दोजेहद के बाद भी आम सहमति नहीं बन सककी। इसके बाद निर्वतमान अध्यक्ष अजय मंगला ने अपने को जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए अध्यक्ष विष्णु शर्मा को बस्ता सौंप दिया।
समर्थन जुटाने में जुटे प्रत्याशी
इस बार चुनाव को लेकर नगर में चर्चाओं का दौर तेज रहा। सोशल मीडिया पर 8-10 संभावित प्रत्याशी अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं। संभावित प्रत्याशी समाजसेवियों और पंच परमेश्वरों से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हुए, लेकिन रविवार को चुनाव के दौरान सहमति नही बनी तो अध्यक्ष पद के दावेदार मायूस हो गए।