मथुरा। हाईवे से जुड़ी कॉलोनियों की विद्युत व्यवस्था चरमरा जाने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने कुछ देर हाईवे जाम कर विरोध जताया और विद्युत निगम की लापरवाही को जमकर कोसा।
लोगों का आरोप है कि बारिश होने पर भी विद्युत आपूर्ति काट दी जाती है, पर तीन दिन से बारिश न होने पर लगातार रात 10 बजे काटी गई बिजली रात को दो बजे चालू की जा रही है। विद्युत निगम की मनमानी का खामियाजा कई पॉश कॉलोनियों राधापुरम एस्टेट आदि के निवासी झेल रहे हैं।
बुधवार को जाम की सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने समझा-बुझाकर रास्ता खुलवा दिया पर विद्युत निगम के खिलाफ गुस्सा शांत नहीं हो सका। लगातार हो रही विद्युत कटौती के कारण जहां गर्मी से निजात दिलाने वाले उपकरण नहीं चल पा रहे हैं तो वहीं वह पेयजल संकट से भी जूझ रहे हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब पॉश कॉलोनियों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति यह है तो ग्रामीण अंचलों में हालात क्या होंगे।
वहीं विद्युत कटौती को लेकर विभागीय अधिकारी उच्च तापमान का रोना रो रहे हैं। रमेश, चंद्रपाल व सविता आदि ने प्रदेश के उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से भी विद्युत अफसरों की शिकायत की है। एसई शहरी एपी शुक्ला ने बताया कि विद्युत लाइन में फॉल्ट के कारण लोगों को परेशानी हुई है। इसे जल्द ही दुरूस्त कर लिया गया है। गर्मी में खासकर यह दिक्कत लाइन में आती है।