शंकर इंटर कालेज पलसों में सीसीटीवी कैमरों से जिला मुख्यालय स्थित मॉनिटरिंग सेंटर की निगरानी करत
- फोटो : MATHURA
मथुरा/गोवर्धन। माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी ने बृहस्पतिवार को जनपद के पांच परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शंकर इंटर कॉलेज पलसो में सीसीटीवी कैमरों से जिला मुख्यालय पर बने मॉनिटरिंग सेंटर से संपर्क साधकर व्यवस्था को भी परखा।
विगत बुधवार रात जनपद पहुंचीं माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने बृहस्पतिवार को पहले गोकुल और इसके बाद वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी जी के दर्शन किए।
इसके बाद बरसाना स्थित राधाबिहारी इंटर कॉलेज, ब्रजेश्वर इंटर कॉलेज बरसाना, शंकर इंटर कॉलेज पलसो, डीएवी इंटर कॉलेज गोवर्धन और आदर्श कामिनी इंटर कॉलेज गोवर्धन परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण करने पहुंचीं। यहां उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को देखा। उत्तर पुस्तिका और प्रश्नपत्र रखने के स्थल की भी जांच की।
इस दौरान उन्होंने पलसो स्थित कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों से जिला मुख्यालय के मॉनिटरिंग सेंटर से संपर्क साधा और सेंटर पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ भी की। आदर्श कामिनी इंटर कालेज गोवर्धन में इंटर समाजशास्त्र की परीक्षा खत्म होने के बाद छात्राओं के साथ फोटो भी कराई। डीआईओएस डॉ राजेंद्र सिंह, संतोष यादव और गोकुल नगर पंचायत अध्यक्ष संजय दीक्षित भी उनके साथ रहे।