मथुरा। बारिश के मौसम में बाहर का खाना लोगों की सेहत बिगाड़ रहा है। सड़क किनारे खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थ, कटे, सड़े, गले फल, बासी भोजन और दूषित पानी के सेवन से पेट संबंधी बीमारियों के मामले तेजी से बढ़े हैं। जिला अस्पताल की फिजिशियन ओपीडी में रोजाना करीब 150 मरीज उल्टी, दस्त, पेट दर्द, गैस, अपच, एसिडिटी और बुखार जैसी शिकायतों के साथ उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि बरसात के मौसम में नमी के कारण भोजन जल्दी खराब हो जाता है। खुले में रखी चाट, पकौड़ी, समोसा, गोलगप्पे, कटे फल और अन्य खाद्य पदार्थों में बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं, जिससे पेट का संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. रवि माहेश्वरी ने कहा कि बाहर का भोजन कम खाएं, ताजा और घर का बना भोजन करें, स्वच्छ व उबला पानी पीएं और हाथों की अच्छी तरह सफाई रखें। संवाद