मथुरा। मंदिर श्रीद्वारिकाधीश में मुख्य द्वार को छोड़ अन्य सभी प्रवेश द्वार किए गए बंद।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। कोरोना वायरस के बढ़ते दायरे के बाद द्वारिकाधीश मंदिर में भीड़ के दबाव को कम करने के लिए प्रबंधन ने मंदिर के दो गेट बंद कर देने का निर्णय लिया है। अब भक्तजन मुख्य गेट से ही मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं वीआईपी के दर्शन पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
द्वारिकाधीश मंदिर के अधिकारी वैद्य अशोक कुमार शर्मा व मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि द्वारिकाधीश महाराज में केवल मुख्य द्वार से ही भक्त श्रद्धालु प्रवेश कर सकेंगे। मंदिर के गोस्वामी बृजेश कुमार महाराज और काकरोली युवराज डॉ. वागीश कुमार के निर्देशानुसार कोरोना वायरस की आपदा को देखते हुए केवल मुख्यद्वार से ही दर्शनार्थियों को दर्शन के लिए बुलाया जाएगा और मुख्यद्वार से ही उनको बाहर निकाला जाएगा अन्य दो गेटों को 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अग्रिम आदेशों तक वीआईपी दर्शन पर भी रोक लगा दी गई है। उन्होंने धर्म प्रेमी जनता से अनुरोध है कि देश में चल रही इस महामारी में हमारा सहयोग करने की अपील की है। यहां विदित है कि बुधवार से मंदिर के दर्शन के समय में कटौती पहले ही की जा चुकी है।