मथुरा। थाना रिफाइनरी के गांव करनावल में 21 फरवरी की रात को दुल्हनों और बरातियों को पीटने वाले सभी 15 अभियुक्तों के खिलाफ मंगलवार को पुलिस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करेगी। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अभियुक्तों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए पुलिस कड़ी पैरवी करेगी।
21 फरवरी को गांव करनावल में यादव समाज के युवकों ने अनुसूचित जाति की दुल्हन बनी दो बहनों और बरातियों को पीटा था। हमले में दूल्हे के पिता के सिर में चोट लगी। इससे क्षुब्ध होकर दूल्हों ने शादी करने के इन्कार कर दिया था। पुलिस ने दुल्हनों के पिता की तहरीर पर 15 नामजद हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। एक सप्ताह के अंदर सभी की गिरफ्तारी भी कर ली।
मामला अनुसूचित जाति से जुड़ा होने के कारण लखनऊ तक गूंजा। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर के आने से मामले ने और तूल पकड़ लिया। 7 मार्च को परिजन ने दोनों बेटियों के लिए लड़के देखे और धूमधाम के साथ शादी की। शादी में समाज कल्याण मंत्री के साथ कई विधायक भी शामिल हुए।
हमलावरों की गिरफ्तारी और शादी संपन्न होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने हमलावरों को सख्त सजा दिलाने के लिए चार्जशीट तैयार की है। सीओ रिफाइनरी स्वेता वर्मा ने बताया कि सभी साक्ष्य और गवाहों के आधार पर चार्जशीट तैयार की गई है। पुलिस इस मामले में कड़ी पैरवी करेगी ताकि हमलावरों को जल्द सजा मिल सके।