नौहझील। थाना क्षेत्र के गांव मुडलिया में शराब के नशे में धुत पिता-पुत्र ने एक दुकानदार और उसे बचाने आई पुत्रवधू के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने दुकान के गल्ले से हजारों की नकदी भी लूट ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मुडलिया निवासी राज कुमार ने रविवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 अप्रैल की रात करीब 9 बजे गांव का निवासी मन्नू उनके घर के सामने बैठकर शराब पी रहा था। जब शराब पीने से मना किया, तो आरोपी गाली-गलौज और धमकी देते हुए चला गया। आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद मन्नू अपने पिता रवि के साथ वापस आया और राज कुमार की दुकान में घुसकर हमला कर दिया। नशे में धुत दोनों आरोपियों ने पीड़ित को बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर जब राज कुमार की पुत्रवधू उन्हें बचाने दौड़ी, तो दोनों आरोपियों ने महिला पर भी हमला कर दिया। मारपीट में दोनों पीड़ितों के गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने दुकान के गल्ले में रखे करीब 5 से 6 हजार रुपये भी लूट लिए। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मन्नू और उसके पिता रवि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दोनों की तलाश जारी है।