मथुरा। विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर डीपीआरओ ने समीक्षा बैठक के दौरान जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। तीन ग्राम प्रधानों और सचिवों को ठेकेदारों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए परफॉर्मेंस ग्रांट से 74 करोड़ का बजट मिला है। इस बजट से गांवों में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। विकास कार्यों के लिए टेंडर हो चुके हैं। इसके बाद भी तीन ग्राम पंचायतों में टेंडर लेने वाले ठेकेदारों ने अब तक काम शुरू नहीं किया है। मंगलवार को समीक्षा बैठक के दौरान सच्चाई सामने आई तो जिला पंचायत राज अधिकारी किरण चौधरी ने जिम्मेदारों की फटकार लगाई। सभी को काम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में छाता विकास खंड के पैगांव, मथुरा विकास खंड के तोष और मांट विकास खंड के नगला हुमायूं गांव में काम शुरू न होने की शिकायत सामने आई है। तीनों गांव में टेंडर लेने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जा रहा है। संवाद