अशर क्रिकेट अकादमी के ग्राउंड पर खेले जा रहे अशर कप अंडर-14 20-20 स्कूल स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कृष्णा चौधरी ने धमाकेदार 221 रनों की नाबाद पारी खेली और दो विकेट लिए।
इसकी बदौलत रीयल पब्लिक स्कूल ने अमरनाथ विद्या आश्रम को 218 रन के विशाल अंतर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
अशर के वरिष्ठ प्रबंधक जयदीप सिंह ने बताया कि रीयल पब्लिक स्कूल ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 360 रन का स्कोर किया। जवाब में अमरनाथ विद्या आश्रम की पूरी टीम 142 रन बना कर आउट हो गई।
मैच में भानु सहाय ने 64 रन का योगदान दिया। मैन ऑफ द मैच कृष्णा चौधरी को दिया गया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में आर्केडियन पब्लिक स्कूल ने राजीव इंटरनेशनल स्कूल को सात विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। नरेंद्र ने सर्वाधिक 49 रन बनाए और तीन विकेट लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
शुक्रवार को सेमीफाइनल मुकाबले में रीयल पब्लिक स्कूल और विद्या सागर अकादमी व आर्केडियन पब्लिक स्कूल और रमनलाल शोरवाला इंटरनेशनल के मध्य खेले जाएंगे। अशर ग्रुप के निदेशक मनोज पाठक ने कृष्णा के प्रदर्शन को देखते हुए कोच जेपी नोटियाल को बधाई दी।
इस मौके पर अशर अकादमी के प्रबंधक यज्ञदत्त चतुर्वेदी, व्यवस्थापक कोमल सिंह ने कृष्णा की शानदार बल्लेबाजी की सराहना करते हुए पुरस्कृत किया। अंपायरिंग लव चौधरी और कर्मवीर सिंह ने की। स्कोरिंग शिवम ने की।