वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। देश-दुनिया से आने वाले जो भक्त कैश की कमी या सीधे मंदिर कार्यालय में डिजिटल माध्यम से दान-दक्षिणा अर्पित करना चाहते हैं, उनके लिए अब नई व्यवस्था शुरू हो गई है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने मंदिर कार्यालय में एक अत्याधुनिक ऑनलाइन भुगतान (डिजिटल डोनेशन) मशीन स्थापित की है।
मशीन से ऑन लाइन धनराशि दान करने पर बदले में वह उन्हें पावती रसीद भी देगी। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के सह प्रबंधक उमेश सारस्वत ने बताया कि मंदिर में अनेक भक्त ऐसे आते हैं जो ठाकुरजी की सेवा में दान अर्पित करना चाहते हैं, लेकिन उनके पास कैश नहीं होता। ऐसे श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने मंदिर कार्यालय में यह मशीन स्थापित कर दी है। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए दान देना आसान हो जाएगा।
स्क्रीन पर क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे खाते में जाएगा दान :
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि इस नई मशीन की स्क्रीन पर एक डायनेमिक क्यूआर कोड जनरेट होगा। श्रद्धालु अपने मोबाइल से किसी भी यूपीआई एप के जरिए इस कोड को स्कैन कर अपनी सामर्थ्य के अनुसार सीधे ठाकुरजी के चरणों में दान राशि भेज सकेंगे। यह राशि सीधे मंदिर के आधिकारिक बैंक खाते में ट्रांसफर होगी।
-
पिछले 5 सालों से गोलक पर भी है व्यवस्था :
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि श्रीबांकेबिहारी मंदिर की गोलक (दानपात्र) पर पिछले पांच सालों से बैंक के क्यूआर कोड पहले से ही लगाए जा चुके हैं, जहां मंदिर आने वाले श्रद्धालु ऑनलाइन दान देते आ रहे हैं, लेकिन जो श्रद्धालु सीधे मंदिर कार्यालय आकर रसीद या औपचारिक माध्यम से बिना कैश के डिजिटल योगदान देना चाहते थे, उन्हें इस नई मशीन से बेहद आसानी होगी।