यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों से वसूली के आरोप में गिरफ्तार चिकित्सक दंपती समेत चारों आरोपियों के मोबाइल के डाटा को खंगालने में पुलिस की टीम जुट गई है। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम भी मौके से मिले कागजातों से सबूत तैयार करने में जुटी है।
पुलिस ने चिकित्सक दंपती, फार्मासिस्ट और चालक के से छह मोबाइल बरामद किए थे। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मोबाइल की सीडीआर (कॉल डिटेल) निकलवाई है। इसमें लेनदेन से संबंधित चारों के बीच बातचीत और संदेश सबूत के रूप में मिले हैं। आरोपी चिकित्सक ने सबसे अधिक फार्मासिस्ट से बात की है। उसे ही मैसेज करके किए हैं।
इसके अलावा अपनी पत्नी और चालक से भी कई बार फोन पर बात की है। चिकित्सक की पत्नी ने घर में रखे कागजातों में आग लगाकर उस पर पानी डाल दिया था। इसके बाद भी फोरेंसिक टीम ने कई अभ्यर्थियों के अधजले एडमिट कार्ड बरामद कर लिए हैं। पुलिस अभी मामले की तह में जाने में जुटी है। जल्द ही मामले की विवेचना कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जाएगी। चार्जशीट मजबूत साक्ष्यों के साथ कोर्ट में पेश की जाएगी, ताकि आरोपियों की जल्द जमानत न हो सके।