गोवर्धन (मथुरा)। डीएम-एसएसपी ने राजकीय मुड़िया मेला की व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को निरीक्षण किया। इसके बाद अधीनस्थों एवं स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। मुड़िया मेला में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार पहले की अपेक्षा और क्या बेहतर व्यवस्था कराई जा सकती हैं, इस पर सुझाव मांगे।
डीएम नवनीत सिंह चहल ने विद्युत, सीवर ड्रेनेज, पीडब्ल्यूडी, वन विभाग की लापरवाही सामने आने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। डीएम ने मेला से पूर्व नाला निर्माण, विद्युत पोल, सीसीटीवी, पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश मेला अधिकारी एडीएम प्रशासन एवं एसडीएम गोवर्धन को दिए। डीएम, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर सुबह गोवर्धन पहुंचे। 10 जुलाई से शुरू होने वाले पांच दिवसीय राजकीय मुड़िया मेला की व्यवस्थाओं को लेकर पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया।
इसके उपरांत राधेश्याम सेवा सदन में अधीनस्थों के साथ बैठक ली। डीएम ने परिक्रमा मार्ग में गंदगी से अटे नालों की सफाई, विद्युत, पार्किंग, सीसीटीवी, पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कराने के निर्देश मेला अधिकारी एडीएम प्रशासन जयशंकर दुबे एवं एसडीएम संदीप वर्मा को दिए।
एसएसपी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्थाओं की जानकारी एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र से जुटाई। सीडीओ नितिन गौड़, एडीएम योगानंद पांडेय, एसडीएम संदीप वर्मा, सीओ गौरव त्रिपाठी, एसई विद्युत निगम, डीपीआरओ किरन चौधरी, पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा, जेई राहुल शर्मा, विधायक मेघश्याम सिंह, चेयरमैन खेमचंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।
सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे रहेगी पुलिस
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए परिक्रमा मार्ग में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती रहेगी। 31 वॉच टावर, 104 बैरियर, 35 अस्थाई पुलिस चौकी लोक निर्माण विभाग 5 जुलाई तक बनाकर तैयार करेगा। वहीं, 1281 लाइटों से परिक्रमा मार्ग में रोशनी होगी।