डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का रिकार्ड तलब किया है। मुख्य रूप से जिले में बीपीएल के अंतर्गत वितरित गैस कनेक्शन का रिकार्ड मांगा गया है।
एक मई, 2016 को प्रदेश के बलिया जिले से देशभर में शुरू की गई प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में अपात्रों को गैस कनेक्शन दिए जाने की खबर ‘अमर उजाला’ ने नौ अप्रैल, 2017 के अंक में प्रकाशित की थी।
‘मंत्री, सांसदों से बंटवा दिए अपात्रों को गैस कनेक्शन’ शीर्षक से प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए डीएम नितिन बंसल ने ऐसे मामलों की जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारी से रिकार्ड तलब किया है। पूछा है कि जिले में निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक किस कंपनी ने कितने लोगों को लाभान्वित किया।
जिलापूर्ति अधिकारी सुनील सिंह ने ये रिकार्ड उपलब्ध भी करा दिया है। इसमें बताया गया है कि जिले को भारत सरकार की ओर से 95,247 गैस कनेक्शन दिए जाने हैं। ये लक्ष्य तीन साल में पूरा करने के निर्देश हैं। इसके तहत 35,706 कनेक्शन जारी हो चुके हैं।
इसमें सबसे बड़ी संख्या लक्ष्य के 50 प्रतिशत आईओसी की है। बाकी 25-25 प्रतिशत कनेक्शन बीपीसीएल और एचपीसीएल को देने हैं। इस रिकार्ड के मुताबिक अब डीएम लाभान्वित गैस कनेक्शन धारकों की जांच भी करा सकते हैं।