जवाहर बाग हिंसा की जांच में सीबीआई ने अब घटना वाले दिन विभिन्न अस्पतालों में भर्ती रोगियों का रिकार्ड मांगा है। सीएमओ कार्यालय की ओर से संबंधित अस्पतालों से जानकारी एकत्र की जा रही है।
दो जून, 2016 को जवाहर बाग से कब्जाधारियों को हटाने के लिए कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में कब्जाधारी और पुलिसकर्मी घायल हुए थे। घायलों को जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, सौ शय्या अस्पताल, नयति हॉस्पिटल, स्वर्ण जयंती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
सीबीआई अफसरों ने पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जवाहर बाग में लगाए कैंपों की जानकारी मांगी और अब घटना वाले दिन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती रोगियों की जानकारी मांगी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के कंट्रोल रूम प्रभारी डा. मुकेश लवानियां ने बताया कि हमने सभी अस्पतालों को पत्र लिखकर भर्ती रोगियों की जानकारी मांगी है। जल्द ही पत्रावली सौंप दी जाएगी।
सीबीआई अफसरों ने जवाहर बाग में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों के अलावा घटना वाले दिन अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती रोगियों की जानकारी मांगी थी। जल्द ही भर्ती रोगियों से संबंधित सभी जानकारियों की फाइल सौंप दी जाएगी।
-डा. आरके नैय्यर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मथुरा।