मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला आयोजन के डेढ़ माह पहले से ही प्रशासन व्यवस्थाओं की तैयारी में जुट गया है। मुड़िया पूर्णिमा पर देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं परिक्रमा लगाने के लिए यहां आते हैं। इसलिए प्रशासन ने पहले से ही तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। मंगलवार को डीएम व एसएसपी ने मेला सकुशल संपन्न कराने की रणनीति तैयार की है।
यह मेला गोवर्धन में 4 से 11 जुलाई के बीच आयोजित किया जाएगा। इसलिए डीएम चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। इस दौरान ने डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा है कि सड़कों को गड्ढा मुक्त कराएं और परिक्रमा मार्ग पर मिट्टी डलवाएं। इसके अलावा उन्होंने वॉच टावर, पार्किंग, पुलिस चौकी, बैरियर एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
एसवीडीए अधिकारियों को परिक्रमा मार्ग पर लाइटिंग की व्यवस्था, मानसी गंगा, कुसुम सरोवर, कृष्ण कुंड एवं राधा कुंड के चारों ओर बैरिकेडिंग करने के लिए कहा है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त करने के लिए कहा है। इसके अलावा उन्होंने परिवहन निगम, खाद्य सुरक्षा विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में एडीएम योगानंद पांडेय, एसपी देहात त्रिगुण विशेन, एसपी ट्रैफिक मनोज कुमार, उप जिलाधिकारी सदर निशा ग्रेवाल, नगर मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, उप जिलाधिकारी गोवर्धन नीलम श्रीवास्तव, सीओ गोवर्धन आलोक सिंह, एआरटीओ मनोज प्रसाद वर्मा, सचिव एमवीडीए अरविंद कुमार द्विवेदी, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल समेत अन्य मौजूद रहे।
वाॅच टावर और सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
मेला क्षेत्र में वाॅच टावर, पार्किंग स्थल, खोया पाया केंद्र, सीसीटीवी कैमरे, विभिन्न स्थानों पर अस्थायी पुलिस चौकी एवं कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जाएगी। एसपी ट्रैफिक को पार्किंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। भंडारा के आयोजकों को साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।