मथुरा। दिवाली के पंच दिवसीय त्योहार पर स्वादिष्ट पकवानों का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया, लेकिन अब यह उन्हें भारी पड़ने लगा है। जिला अस्पतालों में पेट दर्द, गैस, उल्टी-दस्त और अपच के मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक तली-भुनी चीजें, मिठाइयों में मिलावट और खानपान में अनियमितता इस परेशानी की मुख्य वजह बन रही हैं।
जिला अस्पताल के फिजिशियन रवि माहेश्वरी ने बताया कि त्योहार पर लोगों ने तली भुनी खाद्य वस्तुओं के साथ ज्यादा चिकनाई वाले खाद्य पदार्थ खूब खाए हैं। युवाओं का पाचन तंत्र मजबूत होने के कारण उन्हें कम परेशानी होती है, लेकिन बच्चों और बुजुर्गों पर इसका अधिक प्रभाव पड़ता है। यही कारण है कि त्योहार के बाद पेट संबंधी समस्या लेकर मरीज आ रहे हैं। सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को करीब 1500 मरीज आए। इसमें से 250 मरीज केवल पेट संबंधी समस्या लेकर आए हैं।
चिकित्सकों की सलाह:
- तली-भुनी चीजों से परहेज करें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और फलों का सेवन बढ़ाएं।
- पेट में जलन या उल्टी-दस्त की शिकायत पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
- अधिक देर तक रखी मिठाइयां या बाजार से खरीदी गईं खुली मिठाइयां न खाएं।
- नियमित सैर और हल्का व्यायाम करें, ताकि पाचन क्रिया दुरुस्त रहे।